शादी के एक महीने बाद उजड़ा सुहाग, डीएनए रिपोर्ट से हुई पहचान
अजय कुमार गुप्ता
हमीरपुर। यमुना एक्सप्रेस-वे पर 27 नवंबर को मथुरा के पास हुए सड़क हादसे में हमीरपुर के युवक देवेंद्र की दर्दनाक मौत की पुष्टि डीएनए रिपोर्ट से हुई है। करीब एक माह से परिजन उनकी तलाश में भटक रहे थे।
शास्त्री नगर, गोहंड निवासी दिवंगत देवेंद्र मजदूरी के सिलसिले में दिल्ली जा रहे थे, तभी उनका दुर्घटना में निधन हो गया था। हादसे के बाद उनकी पहचान नहीं हो सकी थी। गुरुवार को डीएनए रिपोर्ट आने पर शव परिजनों को सौंपा गया।
बताया जाता है कि देवेंद्र की शादी महज एक माह पूर्व गुंदेला गांव की रागिनी से हुई थी। नवविवाहिता सहित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शुक्रवार को गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। गांव में शोक छाया रहा।


Comments
Post a Comment