कर्मचारी हितों को लेकर उप श्रमायुक्त कार्यालय बरेली में हुई प्रांतीय बैठक
जी0 के0 खरे
कानपुर/बरेली।
श्रम विभाग कर्मचारी संघ, उत्तर प्रदेश की प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक उप श्रमायुक्त, बरेली क्षेत्र, बरेली के कार्यालय परिसर में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता संघ के प्रांतीय अध्यक्ष प्रभात कुमार मिश्र ने की।
बैठक में प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष कपिल सागर, उपाध्यक्ष सैयद फैसल हुसैन, महामंत्री अंजनी कुमार राय, संरक्षक रमाकान्त कनौजिया, कोषाध्यक्ष मनोज कुमार सक्सेना, प्रांतीय संगठन मंत्री राम बाबू पुष्कर एवं अभिषेक रघुवंशी सहित वाराणसी, कानपुर, अयोध्या, लखनऊ, मेरठ, अलीगढ़, बरेली एवं प्रयागराज क्षेत्रों के अध्यक्ष, मंत्री, प्रतिनिधि एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक में विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रम विभाग उत्तर प्रदेश मुख्यालय, कानपुर के कर्मचारियों की यूनियन यू0पी0 लेबर डिपार्टमेंट मिनिस्टीरियल एम्प्लाइज एसोसिएशन, कानपुर के महामंत्री नरेन्द्र सिंह भी शामिल हुए।
बैठक में माननीय उच्च न्यायालय, इलाहाबाद के आदेश के अनुपालन में प्रधान सहायक/प्रशासनिक अधिकारी के पदों से श्रम प्रवर्तन अधिकारी के पदों पर पदोन्नति किए जाने, उत्तर प्रदेश अधीनस्थ श्रम सेवा नियमावली–1992 में संशोधन/प्रख्यापन कर पूर्व प्रस्ताव के अनुसार 50 प्रतिशत पदोन्नति एवं 50 प्रतिशत सीधी भर्ती से नियुक्ति किए जाने सहित अन्य कर्मचारी हित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रधान सहायक/प्रशासनिक अधिकारी से श्रम प्रवर्तन अधिकारी के पदों पर पदोन्नति के संबंध में माननीय उच्च न्यायालय द्वारा पारित आदेश का शासन/मुख्यालय स्तर से शीघ्र अनुपालन कराए जाने की मांग की गई। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि यदि आदेश का अनुपालन सुनिश्चित नहीं किया जाता है तो पुनः माननीय उच्च न्यायालय की शरण ली जाएगी, जिसका उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने समर्थन किया।
इसके अतिरिक्त, उत्तर प्रदेश अधीनस्थ श्रम सेवा नियमावली–1992 में भर्ती प्रक्रिया को 50 प्रतिशत पदोन्नति एवं 50 प्रतिशत सीधी भर्ती के माध्यम से लागू कराने हेतु शासन एवं मुख्यालय स्तर पर प्रभावी कार्यवाही किए जाने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया।


Comments
Post a Comment