संगोलीपुर मडैय्यन मोरंग खदान में खुलेआम नियमों की अनदेखी, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

                                            राजा अवस्थी                                       

 खागा/फतेहपुर

जिले में अवैध मोरंग खनन और ओवरलोड परिवहन पर प्रशासनिक सख्ती के बावजूद भी संगोलीपुर मडैय्यन खनन क्षेत्र में खदान संचालक की मनमानी लगातार जारी है। ग्रामीणों के अनुसार खदान के अंदर से ही ओवरलोड मोरंग की ढुलाई की जा रही है, वहीं प्रतिबंधित बड़ी बूम वाली मशीनों से एनजीटी मानकों को ताक पर रखकर नदी में खनन किया जा रहा है।( हमारा दैनिक समाचार पत्र भारत मंजरी उक्त वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता।)

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि खदान संचालक खनन गतिविधियों को छिपाने के लिए सीसीटीवी कैमरों की दिशा भी बदल देता है, जिससे किसी साक्ष्य को सुरक्षित न रखा जा सके। अवैध खनन के कारण जलीय जीवों के अस्तित्व पर संकट गहराता जा रहा है और भूजल स्तर भी तेजी से गिर रहा है।

सार्वजनिक शिकायतों और खबरों के बावजूद अब तक जिम्मेदार अधिकारी प्रभावी कार्रवाई से दूर नजर आए हैं, जिससे स्थानीय लोग विभागीय मिलीभगत की आशंका जता रहे हैं।

इस संबंध में एसडीएम अभिनीत कुमार ने जांचोपरांत कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं एडीएम अविनाश त्रिपाठी और खनन अधिकारी ने भी जांच कर दोषी पाए जाने पर सख्त कार्यवाही की बात कही है।


 


✍️ समाचार 2

सीओ सिटी ने सदर कोतवाली का निरीक्षण कर निकाला फ्लैग मार्च

भास्कर ब्यूरो, फतेहपुर

कोतवाली क्षेत्र की पुलिसिंग व्यवस्था का परीक्षण करने के लिए सोमवार देर शाम सीओ सिटी गौरव शर्मा ने सदर कोतवाली का त्रैमासिक निरीक्षण किया। उन्होंने बैरक, मेस, शौचालय सहित साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इसके बाद सीसीटीएनएस, मालखाना, महिला हेल्प डेस्क, शस्त्रागार समेत सभी अभिलेखों की बारीकी से जांच की।

उन्होंने पुलिस कर्मियों को फरियादियों के साथ सौम्य व्यवहार और अपराधियों के प्रति सख्ती बरतने के निर्देश दिए। निरीक्षण में कोई बड़ी कमी न मिलने पर उन्होंने केवल चेतावनी देकर सुधार की बात कही।

बाद में उन्होंने पुलिस बल के साथ शहर में फ्लैग मार्च कर व्यापारियों व नागरिकों से बातचीत की तथा सुरक्षा का भरोसा दिलाया। इस दौरान अतिक्रमण न करने, सीसीटीवी लगाने और रात में प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने की अपील भी की।

✍️ समाचार 3

धर्म परिवर्तन कराने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए

भास्कर ब्यूरो, फतेहपुर

सदर कोतवाली पुलिस ने गश्त के दौरान नवीन मंडी समिति के पास से धर्मांतरण के आरोप में फरार चल रहे तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में डेविड ग्लेडविन, अभिषेक ग्लेडविन और कृष्ण गोपाल विश्वास शामिल हैं।

आरोप है कि यह लोग आर्थिक मदद और झांसा देकर गरीब लोगों का धर्म परिवर्तन कराते थे। राधानगर थाना क्षेत्र के एक चर्च में धर्मांतरण को लेकर हाल ही में विवाद और हंगामा भी हुआ था। पुलिस ने अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।

✍️ समाचार 4

हत्या के आरोपी को आलाकत्ल के साथ पकड़ा, न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया

भास्कर ब्यूरो, फतेहपुर

हुसैनगंज थाना पुलिस ने गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर हत्या के फरार आरोपी धर्मेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बांस का डंडा भी बरामद किया है।

धर्मेंद्र पर मामूली विवाद में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप है। आरोपित को विधिक कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया गया है।

✍️ समाचार 5

गोकसी के आरोपी पर 25 हजार का पुरस्कार घोषित, तलाश में कई टीमें लगाई गईं

भास्कर ब्यूरो, खागा/फतेहपुर

गोकसी के मामले में फरार आरोपी लुक्कू सिंह निवासी सरौली की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह ने 25 हजार रुपए के इनाम की घोषणा की है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसओजी, सर्विलांस और इंटेलिजेंस विंग की संयुक्त टीमें सक्रिय हैं।

✍️ समाचार 6

थरियांव क्षेत्र के जंगलों में मिट्टी का अवैध खनन, वीडियो वायरल — विभाग बेखबर

भास्कर ब्यूरो, फतेहपुर

थरियांव थाना क्षेत्र के जंगलों में बड़े पैमाने पर मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा है। वायरल वीडियो में कई जेसीबी और डंपरों द्वारा ओवरलोड परिवहन होते स्पष्ट दिख रहा है। ग्रामीणों ने इसकी लगातार शिकायतें की हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

अवैध खनन से शासन को भारी राजस्व हानि होने के साथ पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच रहा है। लोग इसे विभागीय मिलीभगत का परिणाम बता रहे हैं।

(वायरल वीडियो की भास्कर पुष्टि नहीं करता।)

Comments

Popular posts from this blog

पेंशनरों ने शपथ ग्रहण कर 8वें वेतन आयोग में वर्ष 2025 तक के पेंशनर्स को लाभ से वंचित किये जाने की भर्त्सना कर‌ संघर्ष की दी चेतावनी

मां आदिशक्ति की आराधना कर मांगा सर्व कल्याण का वरदान

कस्बे भर में रही जुलूस ए मोहम्मदी की धूम