खाकी और खादी का खेल 55 दिन बाद खत्म, भाजपा नेता प्रीतम सिंह गिरफ्तार
अजय कुमार गुप्ता
हमीरपुर।
55 दिनों से लापता भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रीतम सिंह किसान को आखिरकार पुलिस ने लखनऊ के दुबग्गा थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया। बताया जा रहा है कि वह दुबग्गा स्थित एक मकान में छिपकर रह रहे थे, जहां से पुलिस टीम ने उन्हें हिरासत में लिया। इसके बाद उन्हें हमीरपुर लाया जा रहा है।
गौरतलब है कि 18 अक्टूबर को राठ स्थित उनके पेट्रोल पंप पर हुए विवाद के बाद पुलिस उन्हें थाने ले गई थी। इसके बाद वह अचानक लापता हो गए थे।
लापता होने की कहानी से उलझी रही पुलिस
प्रीतम सिंह के गायब होने के बाद पुलिस ने उनकी तलाश में कई प्रयास किए। 31 अक्टूबर को पेट्रोल पंप के ताले तोड़कर सर्च ऑपरेशन भी चलाया गया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इस दौरान वह पूरी तरह भूमिगत रहे।
हाईकोर्ट पहुंचा मामला
मामला उस समय गंभीर हो गया, जब 28 नवंबर को उनके भाई वीर सिंह ने हाईकोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर की। हाईकोर्ट ने पुलिस को प्रीतम सिंह को पेश करने का आदेश दिया, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। लगातार दबाव और छानबीन के बाद पुलिस को 55वें दिन सफलता मिली।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले में तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।


Comments
Post a Comment