एसआईआर को लेकर भाजपा की बैठक सम्पन्न
गणेश प्रसाद द्विवेदी
सराय इनायत। शनिवार को शक्ति केंद्र कनिहार अंतर्गत बूथ संख्या 313 एवं 314 पर मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर भाजपा की बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष (गंगापार) निर्मला पासवान ने की।
अपने संबोधन में निर्मला पासवान ने कहा कि एसआईआर सरकार नहीं, बल्कि चुनाव आयोग द्वारा लागू की गई प्रक्रिया है, लेकिन विपक्ष जानबूझकर जनता को भ्रमित कर रहा है। उन्होंने बताया कि बिहार विधानसभा चुनाव से पूर्व भी एसआईआर लागू की गई थी, जिसमें किसी सही मतदाता का नाम सूची से नहीं हटाया गया था, बल्कि केवल फर्जी नाम ही हटाए गए थे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि प्रत्येक बूथ पर फर्जी नाम जुड़ने न पाए और योग्य मतदाताओं का नाम हर हाल में मतदाता सूची में शामिल हो जाए।
बैठक में मंडल अध्यक्ष अतुल पांडेय, आत्माधर दुबे, मनोज निषाद, जिला मीडिया प्रभारी उमेश तिवारी, संतोष पाल, राम अवध सोनकर, अरविंद यादव, कमलेश पाल सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



Comments
Post a Comment